Thursday, 8 December 2011

तमाशा न हुआ पर क्या खूब हुआ !


हर नाटक पर बात करते समय सिनेमा की चर्चा जरुरी नहीं है ।पर सोचिये की क्या आसानी से किसी फ़िल्म की मेकिंग को सिनेमा का मुख्य विषय बनाया जा सकता है वो भी तमाम तरह की बहसो को शामिल करके ।दरअसल संवादो के माध्यम से विचारो की प्रस्तुति और विभिन्न प्रस्तुति शैलियाँ ही रंगमंच को सिनेमा से अलग करती हैं ।भानु भारती निर्देशित 'तमाशा न हुआ 'में टेगौर के नाटक 'मुक्तधारा' की रिहर्सल के बहाने यांत्रिकता ,मनुष्य-प्रकृति सम्बन्ध आदि पर कई तरह के विचार (गाँधी ,मार्क्स ,टेगौर और उत्तर-आधुनिक )व्यक्त किये गए ।घंटे  भर के इस नाटक में पंद्रह-बीस मिनट बाद नाटक में सिर्फ एक दृश्य रह गया जहाँ सभी पात्र आपस में बहस कर रहे थे ।यही कारण था की दो-चार मनोरंजनप्रिय लोग नाटक बीच में छोड़कर चले गए अन्यथा श्रीराम सेंटर में खड़े होने के लिए भी जगह नहीं थी ।सारे अभिनेता (रवि खानोलकर ,टीकम जोशी ,दानिश इकबाल ,दक्षा शर्मा आदि ) इतने अनुभवी और मंझे हुए थे कि बहस के दौरान भी नाटक बोझिल नहीं हुआ बल्कि नाटक ख़त्म होने पर कुछ दर्शक इस पर चर्चा करते दिखे ।
यह नाटक रविंद्रनाथ टगौर कि 150 वीं जयंती पर श्रधान्जलिस्वरूप तैयार किया गया ।नाटक में एक थियेटर ग्रुप टेगौर के नाटक 'मुक्तधारा'(१९२२) की रिहर्सल के दौरान नाटक की प्रासंगिकता पर प्रश्न उठाते हैं ।इसके बाद उनके बीच राजनीतिक ,यांत्रिक और सांस्कृतिक सन्दर्भों में व्यक्ति स्वातंत्र्य पर सार्थक चर्चा होती है ।नाटक का निर्देशन और लेखन भानु भारती ने किया है जो अक्सर अपने लेखन पर नाटक करना पसंद करते हैं ।28 -30जून को हुए इस नाटक की दिल्ली में पुनः प्रस्तुति 8 दिसंबर को हुई ।नाटक में किसी ख़ास विचारधारा की पक्षधरता के बिना टेगौर ,गाँधी ,मार्क्स आदि के सन्दर्भों द्वारा सार्थक बहस की गयी  ।
नाटक संवादो के माध्यम से ही हमारे सामने आता है ।परन्तु क्या विचार अगर कथा के साथ आयें तो ज्यादा प्रभावी नहीं होता है !यहाँ याद आना प्रासंगिक है -विजय तेंदुलकर की श्रधांजलि में सुनील शानबाग की प्रस्तुति 'सेक्स ,मोरालिटी और सेंसरशिप '।ढाई घंटे की उस प्रस्तुति में 'सखाराम बाइनडर 'की अलग -अलग दृष्यो की प्रस्तुति के साथ विजय तेंदुलकर की संघर्ष- यात्रा और उसी बहाने सेंसरशिप इत्यादि पर सार्थक बहस की गयी और नाटक ने दर्शको का भरपूर मनोरंजन भी किया ।सरकारी आयोजन अक्सर रस्म -अदायगी जैसे होते हैं जहाँ कला के विविध रूपो को अक्सर आधे-एक घंटे में प्रस्तुत किया जाता है ।लगता है यह नाटक उसी प्रयोजन के लिए तैयार किया गया हो ,इसीसे  टेगौर की 150 वीं वर्षगांठ पर इस नाटक की देशभर में कई प्रस्तुतियां हुई हैं और हो रहीं हैं।यह बात सही है कि आज हर माध्यम से सार्थक बहस की गुंजाइश ख़त्म हो रही है और जो बहस होते भी हैं वो या तो प्रायोजित होते हैं या किसी विशेष के हित को ध्यान में रखकर ।फिर भी नाटक में मनोरंजन के तत्व के साथ अगर और सार्थक बहस होती तो शायद ज्यादा अच्छा होता ।

Wednesday, 7 December 2011

एक इन्स्पक्टेर से फीकी मुलाकात


रंगमंच अभिनेताओं का माध्यम है लेकिन दर्शको  की भाड़ी भीड़ अक्सर निर्देशक के नाम से ही जुटती है या फिर जब नाटक से कोई फ़िल्मी हस्ती जुड़ा हो ।अनुभवी निर्देशको की प्रस्तुतियाँ अक्सर सराही जाती हैं ।इस नाते निर्देशक भी कोशिश में रहते हैं कि उनके नाटक की रचनात्मकता पर खूब तालियाँ मिले ।लेकिन कई बार कुछ बड़े निर्देशको की प्रस्तुतियाँ भी निराश करती है ।07 दिसंबर 2011 को दिल्ली के श्रीराम सेंटर में सतीश आनंद द्वारा निर्देशित नाटक ' एक इंस्पेक्टर से मुलाकात ' औसत से ऊपर नहीं रहा ।सतीश आनंद की यह प्रस्तुति जल्दबाजी में तैयार की गयी प्रस्तुति लगी ।मुख्यतः छह पात्रो पर आधारित इस नाटक की प्रस्तुति में कुछ अभिनेताओं का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा ।मंच पर बैक ग्राउॱड म्यूजिक  का संयोजन भी बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता है। एक ही ऑडिटोरियम में रोज़ होती प्रस्तुति के दौरान सेट -निर्माण कार्य में मुश्किल होता है ,फिर यथार्थवादी नाटक में सेट -परिवर्तन की ज्यादा गुंजाइश नहीं होती ,लेकिन क्या सौ वर्ष पुरानी नाटक की पृष्ठभूमि को नया आयाम नहीं दिया जा सकता था ।सुरेन्द्र शर्मा और प्रतिमा शर्मा ने जे .बी .प्रिस्ले. के इस नाटक का रूपांतरण किया है ।लेकिन सिर्फ नाम परिवर्तन से रूपांतरण कितना समकालीन हो सकता है,इसे भी परखा जाना चाहिए ।
             1945 में पहली बार प्रस्तुत  जे .बी .प्रिस्ले.का यह नाटक (एन इंस्पेक्टर काल्स ) यथार्थवादी रंगमंच के दौर में खूब प्रसिद्ध हुआ ।बाद में इस नाटक पर फ़िल्म(1954 )और टी .वी.सीरियल का भी निर्माण किया।पिछले ६५-६६ वर्षों में इस नाटक की विश्व भर में कई रचनात्मक प्रस्तुतियाँ हुईं हैं ।1954 में गाय हेमिल्टन (guy hamilton ) द्वारा इस फ़िल्म को desmon devis  ने पटकथा में ढाला था ।80 मिनट की इस फ़िल्म में नाटक की रोचकता बरक़रार है ।इंस्पेक्टर की भूमिका में अलेस्टर सिम  ने ठीक ठाक भूमिका निभाई है ।यू टयूब पर इस फ़िल्म को देखा जा सकता है ।